फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 अभियुक्त गिरफ्तार
भर्थना पुलिस व इटावा क्राइम ब्रांच नें क़ी संयुक्त कार्यवाही

इटावा। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इटावा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना एवं थाना भरथना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को धमकाने तथा साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त फर्जी पहचान और नकली सरकारी पद का भय दिखाकर आम लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। आरोपी स्वयं को क्राइम ब्रांच अथवा अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाते थे और फिर विभिन्न माध्यमों से उनसे धनराशि ऐंठ लेते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 9 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 5 एटीएम कार्ड तथा 24,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान का उपयोग साइबर ठगी एवं धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देने में किया जा रहा था।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों एवं इनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर फोन या सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किए जाने पर उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाने में दें।
इटावा पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत होगा।




