विश्व रक्तदान दिवस पर सैफई यूनिवर्सिटी में रक्तदाताओं का हुआ सम्मान
रक्तदाता समूह के सदस्यों को किया गया सम्मानित

सैफई/इटावा, 14 जून। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रविवार को सैफई यूनिवर्सिटी के मेडिकल हॉस्पिटल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदाता समूह इटावा के सम्मानित सदस्यों को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं नियमित रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।
रक्तदाता समूह इटावा के संयोजक शरद तिवारी के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर कई स्वयंसेवकों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश भी दिया।
सम्मानित होने वालों में शरद तिवारी, राजीव नरूका, सौरभ परिहार, विमलेश तिवारी, संजय कुमार (पत्रकार, उदी), आशीष माहेश्वरी (सैफई), शिवांशु चौहान, अर्पित चौहान एवं पवन भदौरिया सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. अजय सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. एस.पी. सिंह ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे लोगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा के लिए आगे आते हैं।
इस अवसर पर ब्लड बैंक विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य शिवहरे, ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. श्वेता चौधरी सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन रक्तदान के महत्व पर जागरूकता संदेश के साथ हुआ, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।




