ई-रिक्शा और कार की टक्कर में चालक गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में उपचार जारी, कार चालक ने दिखाई मानवता |
संचेतना महाविद्यालय के पास की घटना

इटावा, 23 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार दोपहर लगभग 2:30 बजे एक ई-रिक्शा और मारुति वैगनआर कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान लाखन निवासी नगला पीर, इटावा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शमशेर खान अपनी मारुति वैगनआर कार से दिल्ली से जालौन अपने परिवार के साथ जा रहे थे। जब वह संचेतना महाविद्यालय के सामने पहुंचे, तभी उनके आगे चल रहे ई-रिक्शा चालक ने हाईवे पर रखी बैरिकेडिंग के कारण अचानक वाहन मोड़ दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम के चलते पीछे से आ रहे शमशेर खान ने अपनी कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके और दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें कार व ई रिक्शा दोनों वाहन भी बुरी तरह छतिग्रस्त हुए है |
हादसे में ई-रिक्शा चालक लाखन गंभीर रूप से घायल हो गया। दोपहर का समय होने के कारण घटनास्थल पर शुरुआत में केवल कुछ ही लोग मौजूद थे, जो तुरंत सहायता के लिए मौके पर पहुंचे। इस दौरान कार चालक शमशेर खान ने भी मानवता का परिचय देते हुए तत्काल वाहन से उतरकर घायल चालक को संभाला और सहायता प्रदान की। कुछ ही देर में अन्य स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल लाखन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




