संविधान दिवस पर लखनऊ में होगी बहुजन स्वराज संकल्प महारैली, इटावा से हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा
26 नवंबर को माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित होगी महारैली, आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने तैयारियों को लेकर की बैठक

संवाददाता : मनोज कुमार
इटावा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के तत्वावधान में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस महारैली को सफल बनाने के लिए इटावा में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
रविवार को इटावा के आईटीआई चौराहा स्थित कृष्णा होटल में बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें महारैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनपद से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लखनऊ पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।

बैठक में जिलाध्यक्ष साहिल चौधरी, भरथना विधानसभा-201 के प्रत्याशी विक्की कठेरिया तथा प्रदेश संगठन मंत्री एवं कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आजाद ने कहा कि 26 नवंबर को लखनऊ का माता रमाबाई आंबेडकर मैदान नीले झंडों और जय भीम-जय मीम के नारों से गूंजेगा। उन्होंने कहा कि महारैली के माध्यम से बहुजन समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
पदाधिकारियों ने बताया कि महारैली को लेकर विधानसभा, सेक्टर और बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं, महिलाओं तथा शोषित एवं वंचित वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बहुजन स्वराज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर कानपुर जोन प्रभारी प्रदीप निगम, मंडल प्रभारी छविराम जाटव, भाईचारा कमेटी मंडल प्रभारी पवन गौतम, वाली इंटरफोर्स मंडल अध्यक्ष लकी जाटव, पूर्व भीम आर्मी प्रभारी मोहम्मद आमीन भाई, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुबोध गौतम, पूर्व भीम आर्मी जिलाध्यक्ष गौरव गौतम, अतुल प्रताप सिंह, विकास आजाद, योगेश गौतम एडवोकेट, रामनारायण, विपिन छपरौली तथा भीम आर्मी जिलाध्यक्ष मनीष शाक्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में जिलाध्यक्ष साहिल चौधरी ने जनपदवासियों से 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने की अपील की।




