इटावा: पुलिस मुठभेड़ में झपटमारी का आरोपी सलमान गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
भरथना में हुई छिनैती की घटना में था वांछित, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक, तमंचा, कारतूस और 700 रुपये बरामद; आरोपी पर दर्ज हैं 30 मुकदमे

संवाददाता : मनोज कुमार
इटावा। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर थाना पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान झपटमारी के मामले में वांछित आरोपी सलमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान पुत्र अजीज अली निवासी मानिकपुर मोड़, थाना इकदिल, हाल निवासी आसरा आवास कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, इटावा के रूप में हुई है। आरोपी भरथना थाना क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना में वांछित था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ इटावा और फिरोजाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को बकेवर थाना पुलिस महेवा-अछल्दा मार्ग पर निवाड़ी कला पेट्रोल पंप के आगे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान निवाड़ी कला की ओर से आ रहे बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और चिमकुनी बॉर्डर की ओर भागने लगा।
सूचना पर दूसरी पुलिस टीम ने भी घेराबंदी शुरू कर दी। कुरियानी बंबा के पास पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। खुद को घिरा देखकर आरोपी गांव कुरियानी की ओर भागने लगा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी होंडा साइन मोटरसाइकिल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बाइक का वास्तविक पंजीकरण नंबर यूपी 16 एन 6857 है। बरामद नकदी भरथना थाना क्षेत्र में दर्ज छिनैती के मुकदमे से संबंधित बताई गई है।
भरथना छिनैती कांड में था वांछित
पुलिस के अनुसार, सलमान के खिलाफ भरथना थाने में मुकदमा संख्या 244/2026 छिनैती के मामले में दर्ज है। इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में एक अन्य आरोपी अनुज शाक्य को 17 अक्टूबर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं सलमान की गिरफ्तारी के बाद बकेवर थाने में मुठभेड़, अवैध हथियार और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा संख्या 343/2026 दर्ज किया गया है।
दस वर्षों में 30 मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सलमान के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 तक इटावा और फिरोजाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम से संबंधित कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 2016 से लगातार सामने आता रहा है।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद्र के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भरथना रामदवन के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में बकेवर थानाध्यक्ष विपिन मलिक, उपनिरीक्षक अमरकांत त्यागी सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
हिन्द संवाद न्यूज़ | सच का संवाद




