
संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर (इटावा)। कस्बे के मोहल्ला अहीर टोला स्थित सिद्धपीठ गामा देवी मंदिर परिसर में श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। श्री गामा देवी सेवा समिति की ओर से मंदिर परिसर में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की करीब 11 फुट ऊंची विशाल एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है।
गणपति प्रतिमा के विराजमान होते ही पूरा अहीर टोला क्षेत्र “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” के जयकारों से गूंज उठा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, आकर्षक लाइटों और फूल-मालाओं से सजाया गया है। गणपति के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, जसवंतनगर के प्रधानाचार्य अमित यादव ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। उन्होंने भगवान गणेश से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
प्रधानाचार्य अमित यादव ने बताया कि गणेश महोत्सव लगातार नौ दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम महाआरती, भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन किया जाएगा, जिसके साथ ही नौ दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन होगा।
महोत्सव को लेकर मोहल्ले के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। मंदिर परिसर में गणपति दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है और पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस अवसर पर समिति संरक्षक पंकज यादव, सभासद संजीव यादव, गोविंद यादव, सुनील यादव (लंबरदार), सर्वेश यादव, समिति सदस्य गोलू मामा, सत्येंद्र यादव सहित मोहल्ले के सैकड़ों श्रद्धालु, माताएं-बहनें एवं युवा मौजूद रहे।




