बसरेहर के पंचायत सहायकों ने डीएम व डीपीआरओ को सौंपा ज्ञापन
विकास खण्ड स्तर भी दे चुके है ज्ञापन नहीं मिला कोई समाधान

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
इटावा। विकास खंड बसरेहर के पंचायत सहायकों ने पंचायत सचिवालयों की व्यवस्थाओं, मानदेय में कथित कटौती और सरकारी अभिलेखों के रखरखाव को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने ऑनलाइन उपस्थिति में तकनीकी समस्या, समय से मानदेय न मिलने व कथित कटौती की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पंचायत सहायकों को ₹6,000 प्रतिमाह मानदेय मिलता है, ऐसे में कटौती से आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।
साथ ही कई पंचायत सचिवालयों में बिजली, पानी, फर्नीचर, इंटरनेट, स्टेशनरी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया गया। पंचायत सहायकों ने आरोप लगाया कि परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु रजिस्टर सहित महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख कुछ स्थानों पर पंचायत सचिवालयों के बजाय निजी जनसेवा केंद्रों अथवा अन्य स्थानों पर रखे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है।
ज्ञापन में कथित रूप से ग्रामीणों से मनमानी वसूली तथा डिजिटल एवं वित्तीय भुगतान में अनियमितताओं की शिकायत भी की गई है। पंचायत सहायकों ने एडीओ पंचायत प्रशांत पोरवाल द्वारा व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयासों का समर्थन करते हुए उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अंत में पंचायत सहायकों ने पंचायत सचिवालयों में सभी सरकारी अभिलेख उपलब्ध कराने, मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने तथा मानदेय में कथित अवैध कटौती रोककर बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।




