निजी भूमि पर जेसीबी चलाने का आरोप, पीड़ित ने जिलाधिकारी से की शिकायत

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। चौबिया थाना क्षेत्र के बरालोकपुर गांव में सार्वजनिक गली एवं नाली निर्माण के दौरान निजी भूमि पर कथित रूप से जेसीबी चलाकर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पदम कुमार पुत्र कौशल किशोर निवासी बरालोकपुर ने जिलाधिकारी इटावा को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार गांव में चंडी देवी मंदिर से मस्जिद तक सार्वजनिक गली और नाली का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना, नोटिस अथवा वैधानिक अनुमति के उनकी निजी स्वामित्व वाली भूमि गाटा संख्या 3330 पर जेसीबी मशीन चला दी गई।
पदम कुमार का कहना है कि जब उन्होंने ग्राम प्रधान से निजी भूमि पर जेसीबी चलाए जाने का कारण पूछा तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पीड़ित के मुताबिक उक्त भूमि को लेकर पहले से ही न्यायालय में सिविल वाद मुकदमा संख्या 790/2024, मिथलेश कुमारी बनाम कौशल किशोर लंबित है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि बिना पैमाइश और अनुमति के निजी भूमि पर जेसीबी चलाए जाने से संपत्ति को नुकसान हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर राजस्व टीम को मौके पर भेजकर भूमि की पैमाइश कराने, निजी भूमि में कथित हस्तक्षेप रुकवाने और पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
नोट: यह खबर पीड़ित द्वारा दिए गए आरोपों और शिकायत के आधार पर है। मामले में प्रशासन अथवा संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाना उचित होगा।




