बख्तियारपुर टोल प्लाजा के पास सूने मकान में चोरी, नगदी-जेवर समेत करीब 5 लाख का सामान पार

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। चौबिया थाना क्षेत्र में बख्तियारपुर टोल प्लाजा के पास स्थित एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए दरवाजे की कुंडी काटकर नगदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। वहीं, पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति के चोरी के लिए जाते हुए तस्वीर कैद होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, गंगापुरा निवासी केशव सिंह पुत्र चांदीलाल का बख्तियारपुर टोल प्लाजा के पास मकान बना हुआ है। केशव सिंह दो दिन पहले किसी काम से रिश्तेदारी में गए थे। बुधवार सुबह उनकी पत्नी शकुंतला देवी गांव गंगापुरा से बरेली हाईवे मार्ग स्थित मकान पर पहुंचीं। मकान के मुख्य दरवाजे पर पहुंचते ही उन्होंने कुंडी और ताला कटा हुआ देखा।
इसके बाद जब वह मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंचीं तो कमरे में रखा सामान अस्त-व्यस्त मिला और बक्से में रखे कपड़े नीचे बिखरे पड़े थे। चोरी का पता चलते ही वह घबरा गईं और गश खाकर जमीन पर गिर पड़ीं। बाद में उन्होंने किसी तरह परिवार के लोगों को घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंचे केशव सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने सामान की जांच की तो बक्से में रखी एक जंजीर, एक अंगूठी, एक जोड़ी तोड़ा और करीब 53 हजार रुपये की नगदी गायब मिली। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए जेवर और नगदी की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
केशव सिंह ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी उनके घर में चोरी हो चुकी है। उस समय भी परिवार के लोग घर पर मौजूद नहीं थे और चोर पीछे की ओर से दीवार के सहारे मकान में घुसकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे।
घटना की सूचना चौबिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर सामने आने की बात कही जा रही है।
चौबिया थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और उपलब्ध सीसीटीवी वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।




