
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, इटावा द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2.0 के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीकरण में उत्कृष्ट कार्य करने पर बसरेहर ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकत्री गोमती देवी, बसरेहर केंद्र चतुर्थ को सम्मानित किया गया।
गोमती देवी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री माताओं का समय से पंजीकरण कराने, पोषण परामर्श देने तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में उल्लेखनीय कार्य किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते बसरेहर विकासखंड में पंजीकरण के मामले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी की उपस्थिति में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान गोमती देवी को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2.0 का प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की गई।
प्रमाण पत्र में भी गर्भवती एवं धात्री माताओं के समय पर पंजीकरण, पोषण परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा योजना के सफल क्रियान्वयन में उनके सराहनीय योगदान का उल्लेख किया गया है।




