
संवाददाता : विशाल बाबू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में विशेष उपभोक्ता सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
UPPCL के अनुसार, प्रदेश के सभी खंड, उपखंड, सहायक अभियंता (वितरण/वाणिज्य) तथा अधिशासी अभियंता (वितरण/वाणिज्य) कार्यालयों में आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ताओं की बिजली बिल एवं विद्युत सेवाओं से संबंधित शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।
शिविरों में बिजली बिल संशोधन (Bill Revision), नया विद्युत कनेक्शन, भार वृद्धि (Load Enhancement), मीटर संबंधी शिकायतों का समाधान, विद्युत श्रेणी (Category) परिवर्तन, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट सहित विभिन्न उपभोक्ता सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उपभोक्ताओं को UPPCL Smart App डाउनलोड करने एवं उसके उपयोग संबंधी जानकारी और सहायता भी प्रदान की जाएगी।
विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने निकटतम सेवा शिविर में पहुंचकर इस विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं। इससे लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण होने के साथ ही विद्युत सेवाओं में पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता को भी बढ़ावा मिलेगा।
जो उपभोक्ता किसी कारणवश शिविर अथवा कार्यालय तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए 1912 टोल-फ्री हेल्पलाइन तथा WhatsApp Chatbot के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
डिस्कॉमवार WhatsApp Chatbot नंबर इस प्रकार हैं—
– दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL): 8010957826
– मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL): 7669003409
– पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PUVVNL): 8010968292
– पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL): 7859804803
– कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी लिमिटेड (KESCo): 8287835233
UPPCL ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह विशेष अभियान उपभोक्ताओं को त्वरित, सरल एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा तथा अधिकाधिक उपभोक्ता इसका लाभ उठाकर अपनी बिजली संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राप्त करेंगे।




