Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
इटावाक्राइमटॉप न्यूज़यूपीलोकल न्यूज़

इटावा पुलिस ने 12 घंटे में किया दिनदहाड़े लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

इटावा पुलिस का बड़ा एक्शन

इटावा। शहर के व्यस्त बलराम सिंह चौराहा–नौरंगाबाद रोड पर हुई दिनदहाड़े लूट की घटना का इटावा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। थाना कोतवाली पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि घटना के तत्काल बाद पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया था। राज्य सरकार की स्मार्ट पुलिसिंग पहल के तहत विकसित यक्ष (Yaksh) ऐप के ब्रॉडकास्ट फीचर का उपयोग करते हुए घटना की जानकारी जिलेभर की पुलिस इकाइयों तक तत्काल पहुंचाई गई, जिससे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता मिली।

एसएसपी ने बताया कि 22 जून को फर्रुखाबाद निवासी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, जो विभिन्न प्रतिष्ठानों से नकदी संग्रह कर बैंक एवं एटीएम में जमा कराने का कार्य करते हैं, नौरंगाबाद रोड पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में 33,600 रुपये की नकदी रखी हुई थी।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए। सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 33,600 रुपये की पूरी नकदी, दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा जला हुआ बैग बरामद किया है।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के त्वरित एवं सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!