इटावा: बरेली हाईवे पर टायर फटने से अनियंत्रित कार ने गर्भवती महिला को रौंदा, जच्चा-बच्चा दोनों की मौत
अल्ट्रासाउंड कराने जिला अस्पताल जा रही थी महिला, सवारी के इंतजार में खड़ी भाभी के साथ हुई हादसे का शिकार; इलाज के दौरान सैफई पीजीआई में तोड़ा दम

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। इटावा जनपद के चौबिया थाना क्षेत्र में बरेली हाईवे मार्ग पर रैपुरा भट्टा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। महिला अपनी भाभी के साथ अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जिला अस्पताल इटावा जा रही थी। हाईवे किनारे सवारी के इंतजार में खड़ी महिला को किशनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार फोर व्हीलर कार ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार का अगला टायर अचानक फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया था।
जानकारी के अनुसार, समा बानो पत्नी भूरे खां निवासी कुदरकोट, जनपद औरैया अपनी भाभी अलपीसा बेगम पत्नी अंसार खान निवासी भदियापुर के साथ जिला अस्पताल इटावा में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए निकली थीं। दोनों चौबिया थाना क्षेत्र के रैपुरा भट्टा के पास बरेली हाईवे पर बसरेहर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किशनी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार फोर व्हीलर कार का अगला टायर अचानक फट गया। टायर फटने से चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे खड़ी गर्भवती महिला को जोरदार टक्कर मारते हुए पास में खड़े डंपर में जा घुसी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल चौबिया थाना प्रभारी महेंद्र सिंह को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घायल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसरेहर पहुंचाया गया। एंबुलेंस में ईएमटी रोहित कुमार और पायलट अंशुल ने महिला को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
बसरेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में महिला को बचाया नहीं जा सका। सैफई पीजीआई में उपचार के दौरान गर्भवती समा बानो और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे, दोनों की मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस महिला को परिवार अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल भेज रहा था, उसकी और उसके आने वाले बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
एक सड़क हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं। हाईवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच की गंभीरता को सामने ला दिया है।



