इटावाटॉप न्यूज़धर्मलोकल न्यूज़

श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन भक्ति, वैराग्य और ज्ञान का हुआ भावपूर्ण वर्णन

राजा परीक्षित के श्राप, सुखदेव जी के प्राकट्य, भगवान शिव-सती विवाह और कपिल भगवान के उपदेशों का प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
संवाददाता : मनोज कुमार

जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र के ग्राम टकपुरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के दूसरे दिन गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। कथा में भक्ति, वैराग्य और ज्ञान की महिमा का श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

कथा व्यास ने राजा परीक्षित को मिले श्राप, भगवान शिव एवं माता सती के विवाह, सुखदेव जी के प्राकट्य, सृष्टि की उत्पत्ति, भगवान वराह द्वारा पृथ्वी के उद्धार तथा कपिल भगवान के अवतार जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने राजा परीक्षित के प्रसंग के माध्यम से बताया कि मनुष्य को अपने जीवन का प्रत्येक क्षण सत्कर्म, सत्संग और ईश्वर की भक्ति में लगाना चाहिए।

भगवान शिव और माता सती के विवाह प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने भगवान शिव की महिमा, माता सती की श्रद्धा और समर्पण पर प्रकाश डाला। वहीं सुखदेव जी के प्राकट्य के प्रसंग के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान एवं वैराग्य का महत्व समझाया।

सृष्टि की उत्पत्ति का वर्णन करते हुए महाराज जी ने बताया कि ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की तथा भगवान वराह ने पृथ्वी का उद्धार कर धर्म की स्थापना की। इसके साथ ही कपिल भगवान के अवतार का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि कपिल भगवान ने अपनी माता देवहूति को सांख्य ज्ञान प्रदान कर शरीर की नश्वरता और आत्मा की अमरता का बोध कराया तथा मोक्ष प्राप्ति का मार्ग बताया।

पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर ईश्वर की भक्ति, सदाचार और सत्कर्मों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक विचारों का संचार होता है और उसे आत्मिक शांति की अनुभूति होती है।

इस अवसर पर नवीन शर्मा, ऋषिकेश शर्मा, ध्रुव दुबे, महंत राजेश्वर दास, गजेंद्र चतुर्वेदी, अजय शर्मा एवं इंद्रजीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे। कथा के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक श्रीमद्भागवत महापुराण का रसपान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!