ग्राम टकपुरा में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, निकाली गई विशाल कलश यात्रा
अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने किया भागवत महात्म्य का वर्णन, 1 दिसंबर तक चलेगा सात दिवसीय आयोजन

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र के ग्राम टकपुरा में मंगलवार को सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। शुभारंभ अवसर पर सौभाग्यवती महिलाओं द्वारा विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में नजर आया।
कथा के प्रथम दिवस अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण के महात्म्य का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि अनेक जन्मों के पुण्य उदय होने पर ही मनुष्य को भागवत कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होता है। श्रीमद् भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है। 
महाराज श्री ने कहा कि कलियुग में भगवान की भक्ति, भागवत कथा का श्रवण और हरिनाम संकीर्तन मानव जीवन के कल्याण का श्रेष्ठ मार्ग है। उन्होंने ब्रज की गोपियों के प्रेम और अनन्य भक्ति का उदाहरण देते हुए श्रद्धालुओं से अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ भगवान का स्मरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन को पवित्र और सार्थक बनाता है।
1 दिसंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन
ग्राम टकपुरा में आयोजित यह श्रीमद् भागवत कथा 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रधान आयोजक हनुमान टेकरी, वृंदावन के महंत श्री दशरथ दास जी महाराज हैं, जबकि कथा की व्यवस्थाओं का दायित्व श्री राजेश्वर दास जी महाराज संभाल रहे हैं। महावीर प्रसाद सहित अनेक श्रद्धालु आयोजन में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कथा के आयोजन से ग्राम टकपुरा एवं आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।




