देशयुवायूपीराज्य

कोहरे में 110 की रफ्तार बनी हादसे की वजह! यात्री ने चेताया, चालक ने नहीं सुनी बात

यात्री ने तेज रफ्तार पर जताई थी चिंता, चालक ने कहा– पीछे जाकर बैठो; कुछ देर बाद स्लीपर बस दुर्घटनाग्रस्त, हादसे के बाद सामने आया वीडियो

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद

आजमगढ़ : घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार और कथित लापरवाही ने तीन लोगों की जान ले ली। स्लीपर बस करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी दौरान बस में सफर कर रहे एक यात्री ने चालक को तेज गति से बस चलाने पर टोका और रफ्तार कम करने की सलाह दी। लेकिन चालक ने यात्री की बात को गंभीरता से लेने के बजाय उसे पीछे जाकर बैठने के लिए कह दिया।

बताया गया है कि यात्री अपनी सीट बदलकर पीछे चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में इटावा से जुड़ा एक नाम श्याम कुमार का भी है। श्याम कुमार, जनपद इटावा के विकासखंड बसरेहर क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर रमन कुमार के मामा थे। उनके निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

हादसे में जान गंवाने वाले अन्य दो लोगों में फिरोजाबाद निवासी बस कंडक्टर और आजमगढ़ निवासी एक यात्री शामिल हैं। इस तरह दुर्घटना में कुल तीन लोगों की मौत हुई है।

स्लीपर बस में क्षमता से अधिक लदा था सामान बस में यात्रियों के साथ निर्धारित क्षमता से अधिक सामान भी लदा हुआ था। इसको लेकर भी बस संचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बस की तेज रफ्तार, घना कोहरा और अतिरिक्त सामान हादसे की जांच के महत्वपूर्ण पहलू हैं।

जिलाधिकारी ने दिए जांच के निर्देश

हादसे को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं। बस की रफ्तार, चालक की लापरवाही और क्षमता से अधिक सामान लादे जाने सहित दुर्घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जाएगी।

सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

घने कोहरे में वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखना और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। इसके बावजूद बस का तेज रफ्तार से दौड़ना यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि एक यात्री ने संभावित खतरे को भांपते हुए चालक को पहले ही सावधान किया था, लेकिन उसकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया गया।

तीन लोगों की मौत ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। अब सवाल यह है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग कब सख्त कदम उठाएगा और इस तरह की लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होगी?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!