लूट की झूठी सूचना देने और थाना परिसर में हंगामा करने वाले दोनों पक्षों के 6 लोग गिरफ्तार, छह वाहन सीज
एसएसपी के निर्देशन में चौबिया पुलिस ने की कार्रवाई, शांति व्यवस्था भंग करने पर बीएनएसएस के तहत हुई गिरफ्तारी

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। थाना चौबिया क्षेत्र में लूट की झूठी सूचना देने और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर विवाद करने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही आवश्यक वाहन संबंधी प्रपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत न किए जाने पर छह वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को थाना चौबिया क्षेत्र में दो पक्षों के बीच लूट की झूठी सूचना देने और एक-दूसरे पर आरोप लगाने को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली थी। विवाद के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने वाहनों से थाना चौबिया परिसर पहुंच गए। यहां वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा कर दोनों पक्ष दोबारा आपस में विवाद और हंगामा करने लगे।
थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के निर्देशों के बावजूद दोनों पक्ष विवाद करते रहे। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और संज्ञेय अपराध की रोकथाम के दृष्टिगत कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल छह लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष के कुलदीप पुत्र अमलेश कुमार निवासी नगला लच्छू थाना चौबिया इटावा, कुलदीप पुत्र बलराम सिंह निवासी ग्राम बरुआ थाना किशनी जनपद मैनपुरी और यशपाल सिंह पुत्र धीरज सिंह निवासी सरवाही थाना सौरिख जनपद कन्नौज शामिल हैं।
वहीं द्वितीय पक्ष के ऋषि उर्फ आंशू पुत्र रामनरेश यादव, अजय पुत्र जनवेद निवासीगण ग्राम नवलपुरा चौपला तथा विकास पुत्र कमलेश निवासी ग्राम चौपला थाना चौबिया इटावा को गिरफ्तार किया गया।सीज किए गए वाहनों में शामिल हैं: UP75AB3336, UP75AX9292, UP75AZ9200, UP14CY0606, UP45W0020 और UP75AX7441।
इटावा पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी घटना की सूचना पुलिस को सत्य एवं तथ्यात्मक रूप में दें। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास न करें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का पालन करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।





