गृह क्लेश के चलते युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
दीपावली पर दुःखद खबर गाँव में गम का माहौल

गृह क्लेश के चलते युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
बसरेहर संवाददाता। इटावा जनपद के बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम बसगंवा में गृह क्लेश के चलते एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितेश कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम बसगंवा, थाना बसरेहर, रोज की तरह शाम को खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने कमरे की खिड़की (जंगले) से अंदर झांककर देखा तो युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तत्काल बसरेहर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय इटावा भेज दिया।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




