
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर, इटावा। विकासखंड बसरेहर के पत्तापुरा स्थित देवी हनुमान मंदिर परिसर में संत रामचरण दास त्यागी जी महाराज की 14वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और संत त्यागी जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका स्मरण किया।
पुण्यतिथि के अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भजन-कीर्तन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम में गुरुजी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की तथा उनके आध्यात्मिक जीवन एवं योगदान को याद किया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान संत-महंतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में श्री महंत शंकर दास, महंत गणेश दास, पुजारी जगराम दास, भंडारी नंदी सहित मंदिर से जुड़े संत-महंत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
संत रामचरण दास त्यागी जी महाराज की पुण्यतिथि पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा के साथ सहभागिता कर उन्हें नमन किया।


