इटावालोकल न्यूज़

बिजली का पोल टूटने से बसरेहर निवासी 24 वर्षीय सुनील कुमार की मौत

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में ठेकेदारी के तहत बिजली का काम करते समय हुआ हादसा

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद

बसरेहर/इटावा। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पलसूद थाना क्षेत्र में बिजली का पोल लगाने के दौरान हुए हादसे में इटावा जनपद के बसरेहर थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार सुनील कुमार (24) पुत्र तोताराम शाक्य, निवासी ग्राम चम्पानेर, थाना बसरेहर, जनपद इटावा, बिजली विभाग से संबंधित कार्य में लेबर मजदूरी करता था। वह ठेकेदारी के तहत मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पलसूद थाना क्षेत्र में बिजली के पोल लगाने का काम कर रहा था।

बताया गया कि बीते दिन बिजली का पोल लगाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पोल टूट गया, जिससे सुनील कुमार नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। घायल सुनील को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर बताई गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सुनील की मौत की खबर मिलते ही चम्पानेर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी

सुनील कुमार की शादी करीब एक वर्ष पूर्व शिवानी देवी के साथ हुई थी। वह मेहनत-मजदूरी कर अपनी पत्नी और परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार के लिए सुनील की असमय मौत बड़ा सदमा बनकर सामने आई है।

परिजनों के अनुसार सुनील परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए घर से दूर मध्य प्रदेश में मजदूरी करने गया था। हादसे में उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी भी जांच का विषय है।

हिन्द संवाद न्यूज़ — सच का संवाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!