
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर। बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर कस्बा बसरेहर एवं आसपास के क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्तिभाव का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर कस्बे के कई मंदिरों में भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम पत्तापुरा स्थित सोहम आश्रम और बसरेहर का प्रसिद्ध गोपाल मंदिर भी शामिल रहा। मंदिरों में आयोजित भंडारों में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
ग्राम पत्तापुरा स्थित सोहम आश्रम में चल रहे श्रीमद्भागवत नवपरायण यज्ञ के बीच बुढ़वा मंगल के शुभ अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया। पुजारी जय स्वरूप जी महाराज के संचालन में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। 
वहीं, बसरेहर के प्रसिद्ध गोपाल मंदिर में संरक्षक राजेंद्र पोरवाल एवं प्रमोद पोरवाल की देखरेख में भंडारे का आयोजन किया गया। बुढ़वा मंगल के अवसर पर मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सेवा और समर्पण की भावना देखने को मिली।
कस्बे के विभिन्न मंदिरों में आयोजित भंडारों के चलते श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों ने बुढ़वा मंगल का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया।




