जसवंतनगर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस: 15 शिकायतें दर्ज, मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं
सीडीओ व एसपी सिटी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, स्थलीय सत्यापन कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर। तहसील सभागार जसवंतनगर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। समाधान दिवस में कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
समाधान दिवस में भाजपा नेता सुरेश गुप्ता ने नगर में बिना लाइसेंस संचालित मीट दुकानों की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने रविवार को साप्ताहिक बंदी के दिन बाजार में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
आलमपुर नरिया के ग्राम प्रधान इंद्रेश कुमार ने खराब पड़े सरकारी नलकूप को दुरुस्त कराए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि नलकूप खराब होने से किसानों को सिंचाई संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सिसहाट गांव निवासी विपिन कुमार ने आम रास्ते पर अवरोध किए जाने की शिकायत करते हुए रास्ते को अवरोधमुक्त कराने की मांग की। वहीं धरवार निवासी वीरमति ने जमीन उगाही पर दिए जाने के बाद कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा नगला कंचनिया के ग्रामीणों ने ग्राम समाज के खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फरियादियों की शिकायतें सुनने के बाद मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करें और वास्तविक स्थिति की जांच के बाद निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भेदभाव नहीं होना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा, एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह, पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र सागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




