जसवंतनगर में गणपति बप्पा मोरया की गूंज, भक्ति कार्यक्रमों से भक्तिमय हुआ माहौल

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर। नगर में इन दिनों गणेश उत्सव की धूम देखने को मिल रही है। कैस्तविकास कॉलोनी में भगवान गणेश की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा विराजमान की गई है। गणपति स्थापना के बाद से ही प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों के चलते कॉलोनी सहित आसपास का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
युवा श्रद्धालुओं द्वारा प्रथम पूज्य भगवान गणेश की सुंदर एवं सुसज्जित प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजन, श्रृंगार और भोग अर्पित किया जा रहा है। प्रतिदिन शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति पंडाल में पहुंचकर आरती में शामिल होते हैं और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठता है।
गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल पर भक्ति गीतों और भजनों के साथ धार्मिक वातावरण बना रहता है। महिलाओं, बच्चों और युवाओं सहित कॉलोनी के लोग बढ़-चढ़कर कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं।
गणमान्य लोगों ने पहुंचकर की पूजा-अर्चना
गणेश उत्सव के दौरान दो दिन पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मोंटी यादव भी कैस्तविकास कॉलोनी स्थित गणपति पंडाल पहुंचे। उनके साथ नगर के व्यवसायी विवेक जैन, चेतन जैन, मनोज पत्रकार सहित कई ग्राम प्रधान एवं अन्य गणमान्य लोग भी पंडाल में पहुंचे। सभी ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए। पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने अतिथियों का स्वागत किया और गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन में इनका रहा योगदान
गणेश उत्सव को सफल बनाने में संजय कुमार, डॉ. नवीन धनगर, शिक्षक रवि कुमार, दीपक कुमार, संदीप कुमार, गौरव कुमार, अरुण गुप्ता, सोनू यादव, रवि गुप्ता, वीरू कुमार, विशाल कुमार, देवराज, आदित्य पाल सहित अनेक श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान है।
आयोजकों ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सहभागिता से आयोजन स्थल पर लगातार उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।




