Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
E-Paperइटावाराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

इटावा में सीएम योगी का सपा पर तीखा हमला

बोले- परिवारवाद और ‘सैफई सिंडीकेट’ ने प्रदेश को नुकसान पहुंचाया

इटावा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इटावा के नुमाइश पंडाल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में प्रदेश में नौकरियां योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि चेहरा देखकर दी जाती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही वसूली का खेल शुरू हो जाता था और परिवारवाद, वंशवाद तथा ‘सैफई सिंडीकेट’ ने प्रदेश की व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने जमीन से जुड़कर राजनीति की थी, लेकिन बाद में परिवारवाद और वंशवाद ने उनकी राजनीतिक विरासत को कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि व्यापारी और निवेशक यहां आने से डरते थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश निवेश और उद्योग के लिए बेहतर माहौल वाला राज्य बन चुका है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि पहले बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौतियां थीं, लेकिन अब अपराधियों के सामने जेल या जहन्नुम जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों में कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों को लेकर बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं। उन्होंने कहा कि आज श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सीएम योगी ने कहा कि कभी इटावा और मैनपुरी के नाम से लोग भय महसूस करते थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश भयमुक्त वातावरण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसानों को समय पर खाद, बीज, सिंचाई के लिए पानी और बिजली उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो व्यक्ति दोपहर 12 बजे सोकर उठता है, वह जनता की समस्याओं को क्या समझेगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की कार्यशैली ही उत्तर प्रदेश की दुर्दशा का एक कारण रही है।

इटावा को 604 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा जनपद के विकास के लिए 604 करोड़ रुपये की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 59 परियोजनाओं का लोकार्पण और 69 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करा रही है।

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश, रोजगार और बेहतर कानून-व्यवस्था के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनाना है।

मुख्यमंत्री के इटावा आगमन पर सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ‘अन्नू’ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

रिपोर्ट: हिन्द संवाद न्यूज़
‘सच का संवाद’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!