सांसद लुंबाराम चौधरी ने किसान नेताओं संग की बैठक, जालोर–सिरोही में पेयजल व सिंचाई के स्थायी समाधान पर हुआ मंथन

सिरोही, मध्य प्रदेश | 19 जुलाई 2026 | हिन्द संवाद न्यूज़
जालोर–सिरोही के सांसद लुंबाराम चौधरी ने रविवार को सिरोही स्थित सांसद जन सुविधा केंद्र में भारतीय किसान संघ के प्रमुख पदाधिकारियों एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में माही परियोजना का पानी जालोर और सिरोही तक पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना तथा दोनों जिलों में पेयजल एवं सिंचाई की स्थायी व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अनास, सोम, कमला और साबरमती नदी परियोजनाओं के पानी को जालोर–सिरोही तक लाने के विभिन्न विकल्पों पर विचार किया गया। साथ ही पानी के भंडारण के लिए उपयुक्त स्थानों, बांधों की ऊंचाई बढ़ाकर जवाई, कृष्णावती एवं लूनी बेसिन की अन्य नदियों के पुनर्जीवन और इन सभी प्रस्तावों को नई डीपीआर (DPR) में शामिल कराने पर भी मंथन हुआ।
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने किसानों के हित में नई डीपीआर तैयार करने का सुझाव दिया। सिरोही जिला अध्यक्ष मावाराम चौधरी ने सेलवाड़ा बांध को भी नई डीपीआर में शामिल कर उसे पानी से भरने का प्रस्ताव रखा। संभाग मंत्री सुजान सिंह वडवज ने क्षेत्र के सिंचाई संकट वाले इलाकों तक नहरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की मांग रखी।
वहीं जालोर जिला अध्यक्ष रतन सिंह ने जवाई बांध की भराव क्षमता बढ़ाने तथा बांसवाड़ा जिले का अतिरिक्त पानी जालोर–सिरोही तक लाकर किसानों को सिंचाई और पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और कृषि को मजबूती मिलेगी।
बैठक में भारतीय किसान संघ के प्रांत युवा प्रमुख खीम सिंह, संभाग मंत्री सुजान सिंह वडवज, सिरोही जिला अध्यक्ष मावाराम चौधरी, जालोर जिला अध्यक्ष रतन सिंह कानीवाड़ा, संभाग उपाध्यक्ष केसाराम पुरोहित, गणेशाराम धूम्बड़िया, जिला मंत्री जगा राम पुरोहित, आहोर तहसील अध्यक्ष चक्रवीर सिंह, बागोड़ा तहसील अध्यक्ष चेलाराम सहित कई किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सिंचाई विभाग की ओर से माही परियोजना के अधीक्षण अभियंता प्रकाश कुमार, अधिशासी अभियंता विजेश कुमार तथा सहायक अभियंता महेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लेकर तकनीकी पहलुओं पर अपनी राय रखी।