Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
Uncategorized

एबीवीपी इटावा ने सेवा कार्यों और संगोष्ठियों के साथ धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस

इटावा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इटावा इकाई द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सेवा एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन कर संगठन के राष्ट्र निर्माण, छात्र शक्ति और सामाजिक सेवा के संकल्प को दोहराया गया। इस अवसर पर संगोष्ठी, वृक्षारोपण, स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा वृद्धाश्रम में फल वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य संगोष्ठी का आयोजन नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आशीष बाथम, विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. धर्मेंद्र शर्मा तथा अध्यक्ष के रूप में मोहम्मद जावेद खान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पीयूष कुमार ने किया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एबीवीपी के प्रवासी कार्यकर्ता एवं प्रांत सह मंत्री मयंक पासवान ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का सशक्त आंदोलन है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि आशीष बाथम ने कहा कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और एबीवीपी ने सदैव राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता तथा छात्र हितों के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन राष्ट्र की मजबूत नींव है। अनुशासन, संस्कार और सही मार्गदर्शन के माध्यम से युवा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मोहम्मद जावेद खान ने कहा कि संगठन युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने सभी से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संगोष्ठी के बाद परिषद कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्थापना दिवस के अवसर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना, उनका आशीर्वाद लिया और फल वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया। इस मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में जिला संयोजक संस्कार गुप्ता, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राहुल, नगर सहमंत्री कृष्णा गुप्ता, नीतीश सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!