मेजर जनरल गौरव गौतम, विशिष्ट सेवा मेडल, अतिरिक्त महानिदेशक एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश ने सीएटीसी-03 शिविर का किया निरीक्षण, कैडेट्स को किया प्रेरित
NCC के शिविर का आज अंतिम दिवस

संवाददाता – विशाल बाबू
इटावा। 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, इटावा में आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-03) का निरीक्षण मेजर जनरल गौरव गौतम, विशिष्ट सेवा मेडल, अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी), एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा किया गया।
शिविर में आगमन पर आगरा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव (युद्ध सेवा मेडल), 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुधांशु द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश तथा सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल) ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर एमनीव विज़न स्कूल के चेयरमैन अतीवीर सिंह यादव, वाइस चेयरमैन डॉ. विकास यादव एवं चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर मनोज श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

निरीक्षण के दौरान मेजर जनरल गौरव गौतम ने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया तथा कैडेट्स से संवाद कर उनके प्रशिक्षण अनुभवों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं अनुशासित वातावरण की सराहना की।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता एवं निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैडेट को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए अनुशासन को जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने एनसीसी के दस कैडेट कमांडमेंट्स को दैनिक जीवन में आत्मसात करने का आह्वान करते हुए चरित्र, दक्षता एवं प्रतिबद्धता को अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैडेट्स को ज्ञानवर्धन, आत्मरक्षा कौशल के विकास, मानसिक दृढ़ता तथा जीवन में स्पष्ट एवं सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने की भावना ही सफलता का आधार है।

उन्होंने शिविर के सफल संचालन के लिए 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के अधिकारियों, प्रशिक्षण स्टाफ एवं सभी कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और उत्साह की सराहना की। साथ ही विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिविर के सफल आयोजन हेतु उपलब्ध कराए गए सहयोग एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि सीएटीसी-03 शिविर में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर का उद्देश्य कैडेट्स को ड्रिल, शस्त्र प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक सेवा, साहसिक गतिविधियों एवं नेतृत्व कौशल का व्यापक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
इस अवसर पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ, विद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
Editor in Chief
R. P. Singh




