बसरेहर में स्कूल जा रही कक्षा 10 की छात्रा से लूटपाट का आरोप, चाकू से हाथ घायल; नहर में फेंका बैग
बाइक सवार दो अज्ञात युवकों पर कान की बाली छीनने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। इटावा के बसरेहर थाना क्षेत्र में लोहिया नहर की पटरी पर परीक्षा देने जा रही कक्षा 10 की छात्रा के साथ कथित लूटपाट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसकी कान की एक बाली छीन ली और हाथ में चाकू मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने छात्रा का स्कूल बैग नहर में फेंक दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा गुरुवार सुबह बसरेहर स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान भदामई और पत्तापुरा के बीच नहर की पटरी पर गांव से करीब एक किलोमीटर आगे बाइक सवार दो युवक पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने छात्रा के कान की एक बाली छीन ली और उसके हाथ पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद छात्रा ने भदामई गांव में अपने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की पीआरवी-112 को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। इस बीच घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नहर के पानी में तैरता हुआ छात्रा का स्कूल बैग ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया।
सीमा विवाद की चर्चा, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद चौबिया और बसरेहर थाने की पुलिस के बीच घटनास्थल को लेकर सीमा संबंधी स्थिति की चर्चा सामने आई। हालांकि, मामला बसरेहर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
बसरेहर थाना प्रभारी बलराज सिंह भाटी ने बताया कि नहर की पटरी पर उनकी पुलिस जीप भदामई की तरफ जा रही थी। इसी दौरान छात्रा की साइकिल की चेन उतर जाने के कारण पुलिसकर्मियों ने जीप रोककर उससे पूछताछ की थी। उस समय छात्रा ने पुलिस को लूटपाट की घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। थाना प्रभारी के अनुसार, छात्रा ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।



