आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 68 मरीजों का निःशुल्क परीक्षण

संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर/इटावा। आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जसवंतनगर तहसील में आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. इंदू सिंह ने कुल 68 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित कीं।
शिविर में 52 पुरुष एवं 16 महिलाओं सहित कुल 68 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान बुखार, सर्दी, गले संबंधी रोग, पेट दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
चिकित्साधिकारी डॉ. इंदू सिंह ने उपस्थित लोगों को शरद ऋतु में होने वाली मौसमी बीमारियों, उनके लक्षणों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने आयुर्वेदिक दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं संतुलित आहार-विहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयुर्वेद के मूल सिद्धांत ‘स्वस्थस्य स्वास्थ्य रक्षणम्’ अर्थात स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा करने पर विशेष जोर दिया।
शिविर के सफल आयोजन में श्री जिलेदार एवं रोहित भृत्य ने उपस्थित रहकर सहयोग प्रदान किया।



