चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी में NCC की नई भर्ती प्रक्रिया संपन्न, 39 सीटों के लिए 88 अभ्यर्थियों ने लिया भाग

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
जसवंतनगर (इटावा)। चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी, जसवंतनगर, इटावा में 7 अक्टूबर 2026, बुधवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) सीनियर डिवीजन की नवीन भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। भर्ती प्रक्रिया में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कुल 39 सीटों के लिए 88 अभ्यर्थियों ने अपनी प्रतिभा और दक्षता का प्रदर्शन किया। 
भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों की योग्यता का आकलन करने के लिए लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों के चयन की कार्रवाई की गई।
यह भर्ती प्रक्रिया 4 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी, इटावा के कमान अधिकारी कर्नल सुधांशु द्विवेदी के निर्देशन में संपन्न कराई गई। इस दौरान सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार देवेंद्र सिंह, सूबेदार सुधीर कुमार, हवलदार देवेंद्र, नायक खेताराम और लिपिक कुलदीप सिंह उपस्थित रहे।
संस्थान की ओर से डायरेक्टर डॉ. संदीप पाण्डेय, प्राचार्य डॉ. जितेंद्र यादव, प्रबंध समिति से अशांक हनी यादव तथा महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट रंजीत सिंह चौहान की मौजूदगी रही।
एनसीसी भर्ती में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के प्रति रुचि को प्रदर्शित किया। एनसीसी के माध्यम से युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने और देश के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।




