
संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर। विकासखंड जसवंतनगर के ब्लॉक सभागार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 03 से 09 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और लोगों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

समाज कल्याण विभाग की ओर से समाज कल्याण अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, आवास योजना एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लोगों से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी प्राप्त कर आवेदन करने की अपील की।
जिला बाल संरक्षण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता बेबी तपत्सुम ने बालिकाओं एवं महिलाओं से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित बाल संरक्षण एवं महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की मुख्य सेविका अंजू ने निराश्रित महिला योजना समेत विभाग द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र महिलाओं से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
श्रम विभाग की ओर से रामचरन मीणा ने श्रमिकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, परिवार रजिस्टर, कन्या विवाह सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कृषि विभाग की ओर से ग्राम विकास अधिकारी कृषि बलवीर सिंह यादव ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने सरसों के बीज वितरण, गेहूं की ऑनलाइन बुकिंग तथा अन्य कृषि सुविधाओं की प्रक्रिया के बारे में बताया।

इसके अतिरिक्त ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत पचनद मसाले, कैंटीन सुविधा एवं अन्य गृह उपयोगी सामग्री से संबंधित जानकारी भी लोगों को दी गई। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर राजेंद्र सिंह अधिकार मित्र सहयोगी, लालमन बाथम, रबिया, सच्चिदानंद, नितेश कुमार, मुन्ना लाल सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



