
संवाददाता : देवेंद्र सिंह
सैफई/इटावा। विकासखंड सैफई के ग्राम छितौनी में बुधवार को गणेश उत्सव का समापन श्रद्धा, उल्लास और भावुक माहौल के बीच हुआ। गांव के विभिन्न घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया। इस दौरान पूरा गांव गणपति बप्पा की भक्ति में सराबोर नजर आया।
गणेश विसर्जन को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल हुए। महिलाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर अपनी आस्था व्यक्त की, वहीं गणपति बप्पा मोरया और अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक पहुंचाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीत गाते हुए भगवान गणेश से सुख-समृद्धि, शांति और परिवारों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। गणपति बप्पा की विदाई के समय श्रद्धालुओं के बीच भावुकता का माहौल देखने को मिला।
विसर्जन के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन
गणेश विसर्जन के अवसर पर गांव में भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में उम्मेद सिंह, आलोक कुमार, अमोल कुमार और पवन यादव, संतोष कुमार सहित ग्रामीणों की सहभागिता रही। सामूहिक आयोजन में ग्रामीणों की भागीदारी से आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देखने को मिला।
गणेश उत्सव के समापन पर ग्रामीणों ने भावुक मन से गणपति बप्पा को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की कामना की। पूरा गांव श्रद्धा के साथ “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना” के जयकारों से गूंज उठा।




