
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
इटावा। आर्य समाज इटावा शहर के सौजन्य से स्वर्गीय श्रीमती राधा सक्सेना जी की स्मृति में शिक्षक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन रामलीला रोड स्थित ध्रुव वाटिका में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. नरेश पाल सिंह, प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा विभाग, उत्तर प्रदेश ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, सैफई, इटावा क़ी गरिमामयी उपस्थिति रही, कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान किया गया।

स्वर्गीय श्रीमती राधा सक्सेना जी की स्मृति को समर्पित यह सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष उनके पति डॉ. ज्ञान चंद सक्सेना जी द्वारा आयोजित किया जाता है। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना है।
इस वर्ष आयोजित समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 15 शिक्षकों तथा 5 प्रतिभाओं को शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया। वहीं प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में GIC इटावा के प्राचार्य श्री दीपक सक्सेना, डॉ. रित बोध गुप्ता, श्री राम चन्द्र कश्यप प्रधान जी, श्री विपुल गुप्ता, डॉ अनामिका सिंह, नितिन आनंद सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग एवं शिक्षक उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वर्गीय श्रीमती राधा सक्सेना जी की स्मृति में किए जा रहे इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा, प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह के दौरान सम्मानित शिक्षकों एवं प्रतिभाओं में उत्साह देखने को मिला। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को समाज के सामने पहचान मिलती है।
कार्यक्रम का आयोजन आर्य समाज इटावा शहर के सौजन्य से किया गया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रतिभाओं एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सम्मान समारोह आयोजित करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।




