कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी कानपुर जोन ने इटावा में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कांवड़ मार्गो का किया निरीक्षक

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
इटावा। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कानपुर जोन की एडीजी ने जनपद इटावा का भ्रमण कर कांवड़ यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान एडीजी ने रिजर्व पुलिस लाइन, इटावा पहुंचकर सर्वप्रथम सलामी गार्द से सलामी ली। इसके बाद सभागार कक्ष में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर कांवड़ यात्रा की समग्र सुरक्षा योजना की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखें तथा प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखें।
एडीजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, त्वरित रिस्पांस, प्रभावी यातायात प्रबंधन एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता सुनिश्चित की जाए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर एडीजी ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।



