Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to हिन्द संवाद न्यूज़
Uncategorized

इटावा में कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

इटावा। जनपद इटावा में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (कानपुर परिक्षेत्र) श्री यमुना प्रसाद ने जनपद का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसंतुष्टि, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।

रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, प्रतिष्ठित नागरिकों तथा पत्रकार बंधुओं के साथ संवाद किया गया। बैठक में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा एवं आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक के बाद एडीजी एवं डीआईजी ने थाना सिविल लाइन का निरीक्षण किया, जहां पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इसी दौरान मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण कर महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान नवीन CCTNS 2.0 कक्ष का विधिवत उद्घाटन भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी, तेज एवं प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

इसके उपरांत पुलिस कार्यालय, रिजर्व पुलिस लाइन एवं क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, कार्यालयी कार्यों तथा अनुशासन की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।

इस अवसर पर 10 ग्राम चौकीदारों को साफा एवं छाते वितरित कर उनका सम्मान एवं उत्साहवर्धन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ग्राम चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा अपराध नियंत्रण एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान में उनकी भूमिका बेहद अहम है।

अपने संबोधन में एडीजी श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, भ्रष्टाचार के प्रति Zero Tolerance तथा तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारियों को संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने के निर्देश दिए।

यह दौरा जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!