शराब ठेके पर बाइक गिरने को लेकर विवाद, राशन डीलर पर तमंचे की बट से हमला

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। बसरेहर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव स्थित शराब के ठेके पर बाइक गिरने को लेकर विवाद हो गया। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने कुनैया गांव निवासी राशन डीलर सतीश यादव के साथ मारपीट की और तमंचे की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट के साथ एक युवक तमंचा दिखाता हुआ नजर आ रहा है।
सतीश यादव के अनुसार, शुक्रवार देर रात वह अमरपुर स्थित शराब के ठेके पर शराब खरीदने गए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल ठेके के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान कुछ युवक उनकी बाइक पर बैठ गए, जिससे बाइक गिर गई। सतीश ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने सतीश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक द्वारा तमंचा निकालकर उन्हें गोली मारने की धमकी देने का आरोप है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन भीड़ बढ़ने के दौरान एक आरोपी ने तमंचे की बट से सतीश के सिर पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर सतीश को गोली मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पूरी घटना ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल वीडियो में कुछ युवक राशन डीलर के साथ मारपीट करते और एक युवक तमंचा दिखाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बसरेहर थाना प्रभारी बलराज सिंह भाटी ने बताया कि पीड़ित सतीश यादव की शिकायत के आधार पर रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अतुल उर्फ रावण उर्फ अभिषेक पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम किल्ली सुल्तानपुर का नाम दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल सीसीटीवी वीडियो की जांच कर अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।




