
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
बसरेहर संवाददाता। कस्बा बसरेहर में प्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ बुधवार को भव्य शिव बारात के साथ किया गया। शिव बारात में विभिन्न आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। धार्मिक वातावरण के बीच निकली शिव बारात ने पूरे कस्बे को भक्तिमय बना दिया।
शिव बारात का शुभारंभ गोपाल मंदिर से हुआ। बारात में भगवान शिव, माता पार्वती एवं शिव गणों की विभिन्न झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। शिव गणों द्वारा प्रस्तुत किए गए भव्य शिव तांडव ने श्रद्धालुओं एवं दर्शकों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया। तांडव की प्रस्तुति के दौरान लोगों ने उत्साहपूर्वक जयकारे लगाए और पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
गोपाल मंदिर से प्रारंभ हुई शिव बारात कस्बे के प्रमुख मार्गों एवं विभिन्न मोहल्लों से होते हुए समूचे बसरेहर का भ्रमण कर रामलीला मैदान पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने शिव बारात का स्वागत किया। झांकियों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भी शिव बारात को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
शिव बारात के रामलीला मैदान पहुंचने के साथ ही इस वर्ष की रामलीला का विधिवत शुभारंभ हो गया। आयोजकों के अनुसार अब दशहरा पर्व तक रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों, मर्यादा, सत्य, धर्म और कर्तव्य के विभिन्न प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
रामलीला समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार उर्फ बल्ली ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रामलीला का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन दर्शन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मार्गदर्शन का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
रामलीला के शुभारंभ अवसर पर आयोजित शिव बारात को लेकर कस्बे में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा। शाम होते-होते रामलीला मैदान और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं एवं दर्शकों से गुलजार हो गया। आयोजन समिति द्वारा आगामी दिनों में रामलीला के सफल संचालन की तैयारियां की गई हैं।
पुलिस प्रशासन का भी रामलीला समिति को पूरा सहयोग मिल रहा हैं। शिव बारात में थानाध्यक्ष बसरेहर बलराज सिंह भाटी पुलिसबल के साथ उपस्थित रहे जिससे परिवहन में आसानी से होता रहा।
दशहरा तक चलने वाली रामलीला को लेकर कस्बावासियों में खासा उत्साह है।




