
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
जसवंतनगर, संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को आयोजित ‘खेलो इंडिया डायलॉग—खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देश के करोड़ों युवाओं से संवाद किया। प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
इटावा जनपद से इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए चयनित चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (ऑटोनोमस कॉलेज), जसवंतनगर में कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक NCC कैडेट्स, NSS स्वयंसेवकों, स्पोर्ट्स पर्सन्स तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संवाद को ध्यानपूर्वक सुना और उनके प्रेरणादायी विचारों से स्वयं को लाभान्वित किया।

चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी का इस कार्यक्रम के लिए ए ग्रेड में चयन होना संस्थान के लिए विशेष उपलब्धि रही। ए ग्रेड में चयनित संस्थान के विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ संवाद कार्यक्रम में विशेष सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, फिटनेस पर ध्यान देने तथा अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री के संवाद को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें अपने भविष्य को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

गरिमामयी उपस्थिति रही
कार्यक्रम में श्री अनुज मोंटी यादव, प्रबंध निदेशक, चौ. सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जसवंतनगर, इटावा, सुश्री सोनिका चंद्रा, मेरा युवा भारत, इटावा, डॉ. संदीप पाण्डेय, निदेशक, चौ. सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जसवंतनगर, इटावा, श्री अशांक हनी यादव, प्रबंध समिति, चौ. सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जसवंतनगर, इटावा, धर्मेंद्र कुमार, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, नितिन आनंद, विभागाध्यक्ष, शिक्षा संकाय तथा असि. प्रोफेसर रिषीपाल सिंह कार्यक्रम संचालक, की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं संस्थान के पदाधिकारियों ने युवाओं को खेलों के महत्व तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और खेलों के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व, टीम भावना एवं अनुशासन जैसे गुणों का विकास होता है।
नशामुक्ति का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त अभियान के तहत नशा न करने की शपथ ली। युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में NCC, NSS, खेलों से जुड़े प्रतिभागियों एवं छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और अनुशासन का माहौल बना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संवाद तथा नशामुक्ति की शपथ के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




