
संवाददाता : मनोज कुमार
जसवंतनगर (इटावा)। स्वास्थ्य विभाग एवं रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6.60 लाख रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर जसवंतनगर थाना पुलिस ने रेलमंडी नई बस्ती निवासी एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार, रेलमंडी नई बस्ती निवासी कृष्णकांत पुत्र देवकी नंदन द्वारा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, इटावा के न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके परिचित उपेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय दयाराम ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर विभिन्न तिथियों में ऑनलाइन एवं अन्य माध्यमों से कुल 6.60 लाख रुपये ले लिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद करीब दो वर्षों तक नौकरी नहीं लगी। इस दौरान आरोपी भर्ती प्रक्रिया और अधिकारियों की व्यस्तता का हवाला देकर लगातार टालमटोल करता रहा।
आरोप है कि 6 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने एक कथित ज्वाइनिंग लेटर दिया, जिसमें 27 जनवरी 2026 को इलाहाबाद पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे। शिकायतकर्ता जब संबंधित विभाग पहुंचा तो अधिकारियों ने उक्त ज्वाइनिंग लेटर को फर्जी बताते हुए उसे अमान्य घोषित कर दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोप है कि आश्वासन देने के बावजूद धनराशि वापस नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने 23 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक, इटावा को ऑनलाइन शिकायत भी भेजी, किंतु कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जसवंतनगर थाना पुलिस ने आरोपी उपेंद्र कुमार के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।




