E-Paperइटावालोकल न्यूज़

इटावा: यूट्यूबर रिचा तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग, भीम आर्मी व मुस्लिम संगठनों ने एसपी ग्रामीण को सौंपा ज्ञापन

रिचा तिवारी अक्सर रहती है विवादों में

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद

इटावा। महेवा निवासी यूट्यूबर रिचा तिवारी द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से मुस्लिम समुदाय के संबंध में आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने के विरोध में सोमवार को विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को ज्ञापन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज करने तथा विधिक कार्रवाई की मांग की।

आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम), ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा तथा इंसानी भाईचारा समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि रिचा तिवारी द्वारा इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए एक वीडियो में मुस्लिम समुदाय के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। संगठनों का कहना है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई है।

ज्ञापन के दौरान आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आज़ाद ने कहा कि किसी भी धर्म अथवा समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

पूर्व भीम आर्मी कानपुर मंडल प्रभारी एवं इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई ने कहा कि भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज में वैमनस्य फैलाने के प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

कानपुर मंडल प्रभारी लकी जाटव ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है, लेकिन इसका उपयोग किसी भी धर्म या समुदाय के विरुद्ध घृणा फैलाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित प्रकरण में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से वायरल वीडियो की जांच कर तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज करने एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा के जिला अध्यक्ष हाजी शेख शकील अहमद, कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आज़ाद, लकी जाटव, पूर्व भीम आर्मी कानपुर मंडल प्रभारी एवं इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई, प्रभारी मोहम्मद अज़ीम मोअज़म, मुराद अली, आशिफ वारिसी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुधीर आज़ाद, गौतम सिंह, मोहित कुमार, संजय खान, शिवम पत्रकार, अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में दलित एवं मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।

नोट: ज्ञापन में लगाए गए आरोप संबंधित संगठनों के हैं। समाचार उपलब्ध जानकारी और ज्ञापन के आधार पर तैयार किया गया है। मामले में पुलिस की ओर से जांच एवं विधिक प्रक्रिया प्रचलित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!