
संवाददाता : मनोज कुमार
इटावा। जिला राठौर समाज समिति के तत्वावधान में रविवार को रामलीला रोड स्थित माया मैरिज होम में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं, सरकारी सेवा में चयनित युवाओं तथा सेवानिवृत्त विशिष्टजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एडीएम मोहन लाल गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को मुख्य अतिथियों एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं स्नातक एवं परास्नातक परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाली प्रतिभाओं का भी मंच पर सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

शिक्षा के साथ-साथ सरकारी सेवा में नवचयनित युवाओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके अलावा लंबी और निष्ठापूर्ण सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हुए समाज के वरिष्ठजनों को अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति के सभापति देवेंद्र राठौर ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य समाज की युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करना, उनका मार्गदर्शन करना तथा उनमें प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
समारोह में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए राठौर समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, मातृशक्ति एवं युवा मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान माया मैरिज होम समाज के जयकारों और मेधावी छात्र-छात्राओं के उत्साह से गूंजता रहा।
अंत में समिति के जिलाध्यक्ष विनोद राठौर, उपाध्यक्ष डॉ. संतोष राठौर, महामंत्री डॉ. संजय राठौर सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद दिया।




