
हिन्द संवाद न्यूज़ : सच का संवाद
जसवंतनगर (इटावा)। चौ. सुघर सिंह एजुकेशन एकेडमी, जसवंतनगर के डी.एल.एड. (2024-26 बैच) द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। परिणाम में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का संस्थान में पुष्पहार पहनाकर, मैडल पहनाकर एवं मुँह मीठा कराकर सम्मान किया गया।
संस्थान द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार वर्षा ने 800 में से 734 अंक (91.75 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। विपांशु तोमर एवं आरती ने 730 अंक (91.25 प्रतिशत) प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मनी उपाध्याय ने 727 अंक (90.87 प्रतिशत) के साथ तृतीय, ऋतु सोनी ने 722 अंक (90.25 प्रतिशत) के साथ चतुर्थ तथा सपना ने 720 अंक (90 प्रतिशत) प्राप्त कर पांचवां स्थान हासिल किया। टॉप मेरिट सूची में छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने संस्थान का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर चौ. सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री अनुज मोंटी यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। हमारा प्रयास है कि संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का भी विकास हो, जिससे यहाँ से निकलने वाले विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा बनें।”
https://youtube.com/@hindsamvadnews?si=7DyrIF9R_2e8pDc6
संस्थान के निदेशक डॉ. संदीप पाण्डेय ने कहा कि “शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। विशेष रूप से छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया है कि वे हर क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल करने में सक्षम हैं। हमें विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में कुशल एवं आदर्श शिक्षक बनकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”

प्राचार्य डॉ. जितेंद्र यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि अनुशासित अध्ययन, नियमित अभ्यास और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यार्थियों को इसी लगन के साथ आगे भी सफलता के नए आयाम स्थापित करने चाहिए।”

विभागाध्यक्ष नितिन आनंद ने कहा कि “डी.एल.एड. केवल एक पाठ्यक्रम नहीं, बल्कि भावी शिक्षकों के व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम है। विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों, रचनात्मक सोच और शिक्षण कौशल को भी विकसित करना चाहिए। आज का यह परिणाम उनकी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है तथा आने वाले सेमेस्टर में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा है।”
कार्यक्रम के दौरान सभी मेधावी विद्यार्थियों को पुष्पहार पहनाकर, मैडल पहनाकर तथा मुँह मीठा कराकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान प्रबंध समिति से अशांक हनी यादव, असिस्टेंट प्रोफेसर ऋषीपाल सिंह, बृजेश कुमार पोरवाल, प्रभा शर्मा, रंजीत सिंह चौहान, रजत जैन, सर्जन सिंह सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।




